उन्नाव : जनता का लुटेरा तहसील का पेशकार रंगे हाथ गिरफ़्तार - न्यूज़ अटैक इंडिया
Search

उन्नाव : जनता का लुटेरा तहसील का पेशकार रंगे हाथ गिरफ़्तार

न्यूज़ अटैक इंडिया News Attack India News Attack

बीघापुर,उन्नाव। तहसील मुख्यालय में शुक्रवार को लखनऊ से आई एन्टी करप्शन टीम ने तहसीलदार के पेशकार को घूस लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा। लम्बे समय से तहसील मुख्यालय में कर्मचारियों द्वारा घूसखोरी किये जाने की शिकायतें तो मिलती रही हैं किन्तु साक्ष्य के अभाव में कर्मचारी बचते रहे हैं।

शुक्रवार तहसीलदार के पेशकार सीजनल संग्रह अमीन को स्थाई करने के लिए मांगी गई घूस की रकम को लेते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने रंगे हाथ धर लिया। पेशकार के द्वारा लगातार स्थाई करने के नाम पर की जा रही उगाही से तंग आकर संग्रह अमीन ने साहस करके भ्रष्टाचार निवारण संगठन से मिलकर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार करा दिया। एंटीकरप्शन टीम पेशकार को हिरासत में लेकर थाने ले गई जहां उससे समाचार लिखे जाने तक पूंछतांछ करती रही।

शुक्रवार लगभग दो बजे तहसील में अचानक एक टीम ने तहसीलदार बीघापुर के पेशकार ओमप्रकाश को परिसर के अंदर से ही दबोच लिया। उस समय पेशकार हाथों में कुछ दो हजार के नोट लेकर गिनने में जुटे हुए थे। यह रकम उसने तहसील में ही सीजनल अमीन के पद पर कार्यरत चांदपुर निवासी देवेंद्र कुमार सिंह से ली थी।

हिरासत में लेने वाली टीम ने तत्काल ही पेशकार से रुपए लिए और उनके हाथ पानी से धुलवाए। पानी पड़ते ही हांथों से गुलाबी रंग निकलने लगा। अचानक घटित हुए घटनाक्रम का मकसद जब तक आरोपी पेशकार व आसपास मौजूद लोग समझ पाते टीम ने ओमप्रकाश को अपनी गाड़ी में बैठाया और थाने लेकर चली गई। समाचार लिखने तक विजीलेंस टीम बिहार थाने में आरोपी ओमप्रकाश से पूंछतांछ करने में जुटी थी। तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार का खुलासा करने वाले शिकायतकर्ता चांदपुर निवासी देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वह मौजूदा समय में बीघापुर तहसील में सीजनल संग्रह अमीन के पद पर कार्यरत है। नौकरी में स्थाई किए जाने के लिए उसने बीती 15 दिसम्बर को जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र दिया था। इसी के संदर्भ में डीएम ने तहसीलदार को रिवाइंडर भेजा था।

देवेंद्र के अनुसार दिसम्बर माह से पेशकार द्वारा उसका लगातार शोषण किया जा रहा था और इस दौरान उसकी पत्रावली तैयार किए जाने के नाम पर करीब एक लाख से अधिक रुपए लिए जा चुके थे। इधर करीब पंद्रह दिन पूर्व पेशकार ने उससे जब फिर पचास हजार रुपए की मांग की तो उसने लखनऊ में भ्रष्टाचार निवारण संगठन से मुलाकात की थी। यहां पर सीओ ने पूरी बात सुनने के बाद टीम गठित करते हुए उसे न्याय दिलाने का वादा किया था। टीम के बताए अनुसार बीते तीन दिनों से उसकी रुपये के लेनदेन को लेकर लगातार पेशकार से बात चल रही थी। शुक्रवार को टीम के साथ ही वह पहले जिलाधिकारी उन्नाव के पास गया और उनके दिए गए दो गवाहों व टीम के साथ तहसील आया था। यहां पर उसने फोन करके पचास हजार रुपए लेने के लिए पेशकार को स्टेट बैंक के सामने बुलाया तो उसने परिसर के अंदर ही आकर देने की बात कही। जब उसने दो हजार रुपए की नोटों की गड्डी पेशकार को दी और वह नोट गिनने लगा तो एन्अी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ धर दबोचा।

रिपोर्टः डाॅ0 मान सिंह

(खबर कैसी लगी बताएं जरूर. आप हमें फेसबुक, ट्विटर और गूगल प्लस पर फॉलो भी कर सकते हैं.)




loading…


Share This.

Related posts