मिट्टी का टीला धसकने से चार महिलाओं की मौत - न्यूज़ अटैक इंडिया
Search

मिट्टी का टीला धसकने से चार महिलाओं की मौत

न्यूज़ अटैक इंडिया News Attack India News Attack


खागा/फतेहपुर.तहसील क्षेत्र के गौराहार मजरे अकिलपुर ऐराना में शुक्रवार की सुबह घरेलू जरूरत के लिए मिट्टी खोदने गई पांच महिलाएं टीला ढह जाने से दब गई। बाहर खेल रहे बच्चों ने हादसे की जानकारी गांव में दी तो बचाव के लिए लोग दौड़ पड़े। फावड़ा से मिट्टी हटाने के बाद दबी महिलाओं को निकाला गया तो चार की मौके पर मौत हो गई थी। एक पांचवी घायल महिला को जिला चिकित्सालय से कानपुर के लिए रेफर किया गया। घटना से पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक गौराहार मजरे अकिलपुर ऐराना गांव में सुबह सात बजे करीब पांच महिलाएं अपने-अपने घरों से खुरपी, तसला लेकर घरेलू जरूरत के लिए मिट्टी खोदने निकली थी। भिखनी देवी (55) पत्नी स्व. रामराखन लोधी , सोमवती (30) पत्नी छोटेलाल, ऊषा देवी (38)पत्नी श्रीकृष्ण कुमार, संगीता देवी (35) पत्नी दीपक और सियाकली (58) बंशीलाल गांव से कुछ ही दूर पर सुरंगनुमा एक जगह के अंदर घुसकर मिट्टी खोदने लगीं। पांचों महिलाएं जमीन के छह फीट नीचे सुरंग में मिट्टी खोद रहीं थी। तभी आस-पास की मिट्टी धसक गई। कुछ ही दूरी पर मीरा देवी पत्नी अमर सिंह और भिखनी देवी की पुत्री शर्मिला मिट्टी खोद रही थी। इन दोनों के कान में जैसे ही चीख सुनाई दी, भागकर मौके पर पहुंचीं। नजारा देखते ही दोनों के होश उड़ गए, भागकर गांव पहुंची। ग्रामीणों को हादसे की जानकारी हुई तो फावड़ा, गैंती और तसला लेकर दर्जनों की संख्या में लोग वहां पहुंच गए। 15 मिनट के प्रयास के बाद पांचों महिलाओं को बाहर निकाला गया। मिट्टी के नीचे दबने से सियाकली गंभीर रूप से घायल हो गई। जबकि अन्य चारों महिलाएं मृत अवस्था में बाहर निकलीं। चारों महिलाओं के शव गांव पहुंचे तो चीख-पुकार शुरू हो गई। खागा विधायक कृष्णा पासवान ने सरकार से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी मदनपाल आर्य व एसपी कवींद्र प्रताप मौके पर पहुंच कर परिजनों को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना से मदद दिलाने का आश्वासन दिया।

(खबर कैसी लगी बताएं जरूर. आप हमें फेसबुक, ट्विटर और गूगल प्लस पर फॉलो भी कर सकते हैं.)

Share This.

Related posts